Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बाल संसद का गठन, मतदान के जरिए...

प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बाल संसद का गठन, मतदान के जरिए चुने गए छात्र प्रतिनिधि

KAUSHAMBI NEWS: कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में शनिवार को बाल सभा कार्यक्रम के अंतर्गत बाल संसद के गठन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, चुनाव प्रणाली एवं नेतृत्व क्षमता से परिचित कराना रहा। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों ने लोकतंत्र के महत्व व मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय में मतदान कराया गया, जिसमें बच्चों ने अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को वोट देकर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। इस पूरी प्रक्रिया ने बच्चों को वास्तविक चुनाव प्रणाली का अनुभव कराया। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में मोनी देवी को प्रधानमंत्री व पिंटू को गृहमंत्री चुना गया। इसके अतिरिक्त अन्य पदों पर दो-दो छात्रों का चयन किया गया, जिनमें आंचल व अभिषेक को रक्षा मंत्री, हिमांशु व अभिषेक को पर्यावरण मंत्री, खुशबू व रानी को स्वच्छता मंत्री, शिवा व आशुतोष को स्वास्थ्य मंत्री, अमित व विकास को शिक्षा मंत्री और अनीशा व तान्वी को संस्कृति मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद व दायित्वों की शपथ दिलाई गई। शिक्षकों ने बच्चों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया कि बाल संसद के माध्यम से वे विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय प्रभारी शिक्षिका माया सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा मित्र संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन व जिम्मेदारी की भावना का विकास हुआ। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं और उन्हें भविष्य में एक जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।