JAUNPUR NEWS: संक्रामक और जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जौनपुर एवं जोग्स के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईएमए हॉल में “टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने एक स्वर में कहा कि समय पर लगने वाली वैक्सीन ही कई गंभीर रोगों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने टीकाकरण के महत्व, सुरक्षा और समयबद्ध वैक्सीनेशन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि समाज में यह धारणा गलत है कि टीके केवल बच्चों के लिए जरूरी हैं, जबकि आज के दौर में कई बीमारियों से बचाव हेतु वयस्कों का टीकाकरण भी उतना ही आवश्यक हो गया है। चिकित्सकों ने बताया कि डिप्थीरिया, टिटनेस, हेपेटाइटिस, सर्वाइकल कैंसर, फ्लू समेत कई गंभीर रोगों से बचाव में वैक्सीन की भूमिका बेहद प्रभावी है। यदि लोग समय से टीकाकरण कराएं तो न केवल बीमारी का खतरा कम होता है बल्कि मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष डॉ. अंजू कनौजिया ने की। संचालन सचिव डॉ. शैली निगम ने किया। इस दौरान डॉ. मधु शारदा, डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. आर.के. गुप्ता, डॉ. शिल्पी सिंह, डॉ. प्रियंवदा सिंह, डॉ. शिखा शुक्ला एवं डॉ. शुभा सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज में अभी भी टीकों को लेकर अनेक भ्रांतियां और गलत जानकारियां फैली हुई हैं, जिसके कारण कई लोग समय पर टीकाकरण नहीं करा पाते। ऐसी स्थिति में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लोगों में विश्वास पैदा करने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और टीकाकरण के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में बेहद अहम साबित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव और शहर-शहर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
Home उत्तर प्रदेश आईएमए-जोग्स का टीकाकरण जागरूकता अभियान: बोले डॉक्टर—समय पर वैक्सीन ही गंभीर बीमारियों...







