Home उत्तर प्रदेश महिलाओं की सुरक्षा व जागरूकता के लिए जिलेभर में अभियान तेज

महिलाओं की सुरक्षा व जागरूकता के लिए जिलेभर में अभियान तेज

FATEHPUR NEWS: महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित और विधिसम्मत निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की जानकारी तथा आत्मरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और नागरिक इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समाज में सुरक्षा का माहौल बनाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर व जागरूक बनाना है।