नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने किया घोषणा
FATEHPUR NEWS: जनपद में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, सेवा और मानवता का संदेश देते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। करुणा और अहिंसा के प्रतीक गौतम बुद्ध को नमन करते हुए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने उनके चरणों में पुष्प अर्पित कर मानवता और सद्भाव का संदेश फैलाया। इसी क्रम में शहर के पीसीएफ गोदाम चौराहे पर भी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा भव्य भंडारे का आयोजन कर लोगों को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मौर्य, कई सभासदों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भगवान बुद्ध के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पीसीएफ गोदाम चौराहे का नाम अब “गौतम बुद्ध चौराहा” रखा जाएगा और यहां भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने जानकारी दी कि कस्बे के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया है। प्रतिमा स्थापना और चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर भी स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चौराहे का समुचित विकास कराया जाएगा और यहां आकर्षक रूप में बुद्ध प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो क्षेत्र की नई पहचान बनेगी। इस घोषणा के बाद स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए खुशी जाहिर की और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वार्ड सभासद माया देवी के प्रतिनिधि पुष्पराज पटेल, विनय तिवारी (सभासद सिविल लाइन), दिलीप गौतम, भानु प्रताप गौतम, हरिश्चंद्र, संजय श्रीवास्तव, विनोद गौतम, राम सिंह, राजू, संजय गौतम, जागेश्वर बाबू, कैलाश, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष राजेश पाटिल, सपा नेता वीरेंद्र सिंह, अमित पाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से मानवता, शांति और सद्भाव के संदेश के साथ हुआ, जिसमें लोगों ने भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।







