Home उत्तर प्रदेश खागा कांड पर आंदोलन की चेतावनी के बाद पुलिस अलर्ट, हेमलता पटेल...

खागा कांड पर आंदोलन की चेतावनी के बाद पुलिस अलर्ट, हेमलता पटेल नजरबंद

FATEHPUR NEWS: खागा कोतवाली क्षेत्र में हुए जघन्य अपराध को लेकर जिले में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी बीच आंदोलन की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कांग्रेस नेत्री एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष तथा ग्राम प्रधान हेमलता पटेल को उनके ही आवास पर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया।
बताया जा रहा है कि गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने मामले को लेकर बड़े आंदोलन का ऐलान किया था, जिसके बाद प्रशासन सतर्क हो गया। शुक्रवार सुबह ब्लॉक बहुआ के सुजानपुर स्थित उनके आवास पर ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव, दरोगा एरिस पटेल और बहुआ चौकी इंचार्ज अमरीश मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित प्रदर्शन को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया जा रहा है। प्रशासन को आशंका थी कि हेमलता पटेल के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन हो सकता है, जिससे स्थिति बिगड़ सकती है। घेराबंदी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने हेमलता पटेल से वार्ता कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की जांच तेज गति से की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने आंदोलन स्थगित करने की अपील की। वहीं नजरबंद किए जाने के बावजूद हेमलता पटेल ने अपने रुख में कोई नरमी नहीं दिखाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा तथा मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर भरोसा है, लेकिन हमारी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। यदि न्याय में देरी हुई या प्रशासन ने ढिलाई बरती, तो गुलाबी गैंग की महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी। फिलहाल सुजानपुर स्थित उनके आवास पर पुलिस का कड़ा पहरा बना हुआ है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।