Home उत्तर प्रदेश लालगंज में स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सौंपा...

लालगंज में स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

PRATAPGARH NEWS: स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालगंज तहसील क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता एवं रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बिजली उपभोक्ताओं ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित अवैध वसूली और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। लालगंज इंदिरा चौक से तहसील परिसर तक निकाले गए पैदल मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का उल्लंघन करते हुए जबरन स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जो उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के उपरांत महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी लालगंज के माध्यम से सौंपा गया।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि भगौती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर अमित प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केडी मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य लालजी यादव, अशोक धर द्विवेदी, रघुराई, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामकृपाल पासी, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष आरपी वर्मा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।