Home उत्तर प्रदेश विद्यालयों में बिजली कनेक्शन अधूरा, डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

विद्यालयों में बिजली कनेक्शन अधूरा, डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

15 दिन में नए स्कूलों का हैंडओवर, नामांकन बढ़ाने और कायाकल्प कार्य पूरे करने के निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: बुधवार को मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति, एमडीएम टास्क फोर्स व मिशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयों में विद्युत संयोजन कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिशासी अभियंताओं को तुरंत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 218 विद्यालयों के विद्युतीकरण के लिए करोड़ों की धनराशि जारी होने के बावजूद अधिकांश स्कूलों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हो सका है। इस लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। साथ ही निर्देश दिए कि बिजली बिल बकाया होने पर भी विद्यालयों के कनेक्शन न काटे जाएं और हाईटेंशन लाइनों को हटाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। बैठक में “ऑपरेशन कायाकल्प” के तहत विद्यालयों में फर्नीचर, शौचालय, बाउंड्रीवॉल व अन्य बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया। नवनिर्मित विद्यालयों के सत्यापन के बाद 15 दिन के भीतर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें और कक्षा 8 के बाद छात्रों का कक्षा 9 में प्रवेश हर हाल में कराया जाए। नामांकन में लापरवाही बरतने वालों से स्पष्टीकरण लेने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निपुण भारत मिशन की प्रगति, विद्यालयों के नियमित निरीक्षण और दिव्यांग शौचालय निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।