PRAYAGRAJ NEWS: मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में सम्भावित बाढ़ की तैयारियों को लेकर स्टीयरिंग ग्रुप व संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बाढ़ से निपटने की सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए बालू-बोरी, नाव, लाइफ जैकेट, पम्प सेट, स्लूज गेटों की मरम्मत तथा नालों-सीवर की सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में सफाई अभियान तेज करने, मेडिकल किट, एम्बुलेंस, दवाओं, फॉगिंग व कीटनाशक छिड़काव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बाढ़ चैकियों व शरणालयों की पहचान, पशुओं के लिए चारा-पानी, विद्युत व्यवस्था, पेयजल टैंकर, सोलर लाइट व सुरक्षा के लिए पुलिस पेट्रोलिंग की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बाढ़ के दौरान जन-जीवन को न्यूनतम प्रभावित किया जा सके।







