JHANSI NEWS: लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के जिम्नेशियम हॉल में आयोजित द्वि-दिवसीय जिला स्तरीय अंतर विद्यालय मल्लखंब प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री नरोत्तम अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं मनमोहन गेडा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अध्यक्षता करते हुए मनमोहन गेडा ने कहा कि “मल्लखंभ केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, शक्ति और संतुलन का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का विकास किया जा सकता है।” मुख्य अतिथि नरोत्तम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता उभरती प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित होगी, जहां खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगे। यू.पी. मल्लखंभ एसोसिएशन के सचिव राम सिंह सिकोरिया ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक संकल्प का उद्घोष है, जिसमें खेल के माध्यम से संस्कार, समर्पण और स्वाभिमान का निर्माण निहित है। प्रतियोगिता के संयोजक केशव कुमार एवं मनीष कोष्टा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि सचिव गजानन खानवलकर ने आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में लगभग 25 विद्यालयों के 110 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें 10, 12, 14, 16 एवं 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभात कुमार सक्सेना, डॉ. प्रमोद सिकोरिया, संतोष गुप्ता, अशोक गुप्ता, विक्रांत सेठ (बंटी), नरेन्द्र गोस्वामी, रमाशंकर शर्मा, हरिदास सिंह कुशवाहा, डॉ. सुदर्शन शिवहरे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में रामबाबू सिकोरिया, रघुवीर शरण रावत, मनीष कोष्टा, अभिषेक आर्य, अमन गौतम तथा बालिका वर्ग में रितु प्रजापति, चंचल पाठक, शिवानी पाठक एवं स्वाति गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







