हरदोई व गाजीपुर हत्याकांड का मुद्दा उठाया, सख्त कार्रवाई की मांग
JAUNPUR NEWS: जन अधिकार पार्टी जौनपुर इकाई ने प्रदेश में बढ़ रहे महिला अपराधों को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए सोमवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने हरदोई और गाजीपुर की हालिया घटनाओं पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कड़े कदम उठाने की मांग की। जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराध, विशेषकर बलात्कार और हत्या की घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की गई। पार्टी ने हरदोई में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड और गाजीपुर में निशा विश्वकर्मा मर्डर केस का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं। जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य ने कहा कि “प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध बेहद चिंताजनक हैं। सरकार को चाहिए कि वह इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई करे, दोषियों को कड़ी सजा दिलाए और महिला सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी रणनीति बनाए। यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो जन अधिकार पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।” ज्ञापन देने वालों में जिला सलाहकार एडवोकेट सुरेश चंद मौर्य, जिला उपाध्यक्ष सुनील मौर्य, संतोष कुमार मौर्य, रामसूरत यादव, राम बुझारत पासवान, राजकुमार वर्मा, अनीष मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







