किशोरी के घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप, बिंदकी पुलिस की कार्रवाई
FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी पर एक किशोरी के घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ करने का आरोप है, जिसके संबंध में उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित पुत्र रामराज निवासी ग्राम नाथू खेड़ा, कोतवाली बिंदकी, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे दोपहर करीब 2 बजे न्यायालय में पेश किया गया। बताया गया कि आरोपी ने एक गांव में एक घर में घुसकर किशोरी के साथ मारपीट की थी और उसके साथ छेड़छाड़ भी की थी। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी टीम में महिला उप निरीक्षक ज्योति अहिरवार और मुख्य आरक्षी सुनील शुक्ला शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।







