Home उत्तर प्रदेश सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती, नगर पालिका अलर्ट

सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती, नगर पालिका अलर्ट

PRATAPGARH NEWS: शहर में गंदगी और जलजमाव की समस्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कूड़ा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे। ईओ ने बताया कि मानसून से पहले नालियों के निर्माण और मरम्मत का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। कई वार्डों में जाम नालियों की सफाई कराई गई है, जिससे बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या कम हो सके। नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंस्पेक्टर और सुपरवाइजरों की टीम भी गठित की है, जो नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। इसके अलावा, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। दुकानदारों को भी अपनी दुकानों के सामने कूड़ादान रखने के निर्देश दिए गए हैं। ईओ राकेश कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।