KAUSHAMBI NEWS: रणजीत पंडित इंटर कॉलेज, शहजादपुर में शनिवार को हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को माला पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10 के छात्र सत्यम कुमार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सत्यम ने हाईस्कूल परीक्षा में पूरे जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई। प्रधानाचार्य जितेंद्र वर्मा ने सत्यम कुमार को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता हासिल होती है तथा ऐसे छात्र अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनते हैं। इस अवसर पर शिक्षक अवधेश पांडे, दिनेश कुमार, शिवकुमार गुप्ता सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।







