अभिलेखागार, भूलेख व चकबंदी कार्यालय का लिया जायजा, ई–ऑफिस संचालन पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखागार, भूलेख तथा बंदोबस्त चकबंदी कार्यालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखागार में मुआयना रजिस्टर, दस्तावेज एवं मूल बैनामा वापसी रजिस्टर, सहायक अभिलेखपाल माल पत्रावली, दाखिल दफ्तरी सहित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन रैकों में पत्रावलियां रखी गई हैं, उन पर स्पष्ट रूप से फ्लैक्सी लगाकर अभिलेखों का विवरण अंकित किया जाए, जिससे आवश्यक फाइलों को आसानी से खोजा जा सके। भूलेख विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से संबंधित पत्रावलियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का तहसील एवं जनपद स्तर पर सत्यापन कराते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ मिल सके। इसके अलावा बंदोबस्त चकबंदी कार्यालय में लंबित वादों एवं चल रही चकबंदी प्रक्रियाओं की पत्रावलियों का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकबंदी से जुड़े सभी वादों का निस्तारण समयसीमा के भीतर किया जाए और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखा जाए। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सभी अधिकारियों को फाइलों एवं पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश देते हुए कहा कि रिकॉर्ड प्रबंधन में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यालयों में ई–ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पत्रावलियों का आदान-प्रदान अधिकतम ई–ऑफिस के माध्यम से किया जाए, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







