Home उत्तर प्रदेश स्मार्ट मीटर के विरोध में सदर बाजार उबाल पर, 26 अप्रैल को...

स्मार्ट मीटर के विरोध में सदर बाजार उबाल पर, 26 अप्रैल को काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रतीकात्मक हड़ताल

JHANSI NEWS: सदर बाजार में विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड (स्मार्ट) मीटरों के खिलाफ व्यापारियों का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में  सदर बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष साकेत माहेश्वरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य उपस्थित रहे। इस दौरान व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रीपेड मीटर तेज गति से रीडिंग बढ़ाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। व्यापारियों ने निजता (प्राइवेसी) और डेटा सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली खपत से जुड़ी जानकारी एकत्र करते हैं, जिससे व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि प्रीपेड मीटरों को हटाकर पुराने या पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। व्यापारियों ने यह भी कहा कि जब विभाग स्वयं नए प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक की बात स्वीकार कर रहा है, तो पहले से लगे मीटरों को भी हटाया जाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अप्रैल (रविवार) को सुबह 10 बजे से पूरे दिन सदर बाजार के व्यापारी काली पट्टी बांधकर स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रतीकात्मक हड़ताल करेंगे। इस दौरान दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन सभी व्यापारी विरोध दर्ज कराएंगे।
इस अवसर पर प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा विषय है। उन्होंने सभी दलों और जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर स्मार्ट मीटर के विरोध में आवाज उठाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रीपेड मीटर व्यवस्था को जल्द से जल्द पोस्टपेड प्रणाली में बदला जाए। बैठक में प्रमुख रूप से ओम प्रकाश अग्रवाल, राहुल भंडारी, पवन जैन, जितेन भंडारी, बंटी अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, संतोष तिवारी, लखन साहू, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल एवं सुदर्शन कथूरिया सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।