क्षेत्र पंचायत बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर मंथन
70 बीडीसी सदस्य व 32 प्रधानों की उपस्थिति में विकास प्रस्ताव पारित
मनरेगा, 15वें वित्त आयोग व पंचायत मद से होगा बजट प्रावधान
विधायक विकास गुप्ता ने विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
FATEHPUR NEWS: जनपद के विकास खंड असोथर में आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया। बैठक में कुल 21 करोड़ 28 लाख रुपये लागत के 102 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना सदन के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उसकी समीक्षा कराई। साथ ही आगामी वर्ष के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि राजवित्त एवं 15वें वित्त आयोग के तहत 2.25 करोड़ रुपये, क्षेत्र पंचायत मद में 3.80 करोड़ रुपये तथा मनरेगा ग्राम पंचायत मद के अंतर्गत शेष बजट का प्रावधान किया गया है। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों द्वारा कुल 102 विकास प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। विकासखंड में 86 बीडीसी सदस्य और 44 ग्राम प्रधान हैं, जिनमें से 70 बीडीसी सदस्य और 32 ग्राम प्रधान बैठक में उपस्थित रहे। खंड विकास अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। वहीं भाजपा नेता संतोष द्विवेदी ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए गांव और गरीबों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक विकास हुआ है और शेष सड़कों पर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख शत्रुघ्न निषाद ने क्षेत्र पंचायत के माध्यम से कराए गए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक से पूर्व विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक प्रमुख का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष उदय सिंह मौर्य, तीरथ प्रसाद दुबे, जेई अजय प्रताप सिंह, अवध नारायण, अनिल राज गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, निर्मल सिंह चौहान, सोनू सिंह गौतम, दीपू मिश्रा, साहिल शर्मा, बृजेंद्र प्रताप सिंह (बेटू भइया), शिवपूजन तिवारी, नर्बद भाई, गोरेलाल, कुंदन लाल शर्मा, विक्रम सिंह, सीडीपीओ रावीश्वर राय, डॉ. नीरज गुप्ता, डॉ. प्रदीप गुप्ता, एसके दिवाकर, चेतन त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, राजा सिंह, मनोज निषाद, चिदानंद शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।







