Home उत्तर प्रदेश मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल

मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल

मलाका गांव मोड़ पर अचानक टूट पड़ा झुंड, बचने के प्रयास में बुजुर्ग झुलसे
FATEHPUR NEWS: जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ढकौली गांव निवासी स्वर्गीय शिवपाल के 65 वर्षीय पुत्र राजाराम सुबह बाइक से दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान मलाका गांव निवासी वेद प्रकाश अग्निहोत्री का 30 वर्षीय पुत्र मोनू अग्निहोत्री भी बाइक से शहर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों मलाका गांव की मोड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। हमले से घबराकर दोनों ने बचने की कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियां लगातार डंक मारती रहीं। बताया जा रहा है कि बचने के प्रयास में राजाराम ने फूस में आग लगा दी, जिससे उनका पैर भी बुरी तरह झुलस गया। वहीं मोनू अग्निहोत्री को भी मधुमक्खियों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनू का इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।