Home उत्तर प्रदेश कालाबाजारी और अव्यवस्था से त्रस्त उपभोक्ता, जांच की मांग तेज

कालाबाजारी और अव्यवस्था से त्रस्त उपभोक्ता, जांच की मांग तेज

JHANSI NEWS: जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी, वितरण में अव्यवस्था और कथित कालाबाजारी को लेकर अब आवाज़ तेज होने लगी है। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष वर्मा ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बुकिंग के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मध्यम और निम्नवर्गीय परिवार इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है, जिसके चलते वास्तविक उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही। वहीं कई स्थानों पर उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच वितरण को लेकर विवाद की स्थिति भी देखने को मिल रही है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि जनपद में प्रतिदिन आने वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या और उनके वितरण का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए दोषी एजेंसी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कालाबाजारी पर रोक लग सके और उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह जनआक्रोश का रूप ले सकती है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।