Home उत्तर प्रदेश ड्रमंडगंज घाटी में भीषण सड़क हादसा: मैहर से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं...

ड्रमंडगंज घाटी में भीषण सड़क हादसा: मैहर से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

MIRZAPUR NEWS: बुधवार की रात रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी उस समय चीख-पुकार से गूंज उठी, जब एक भीषण सड़क हादसे ने 11 जिंदगियां छीन लीं। यह हादसा न सिर्फ दर्दनाक था, बल्कि कई परिवारों के लिए ऐसा जख्म बन गया है, जो शायद जिंदगी भर नहीं भरेगा। रात करीब 8:30 बजे मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने सामने चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी और उसे घसीटते हुए आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रक में दे मारा। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी संतुलन खो बैठा और एक कार से टकरा गया। कुछ ही पलों में सड़क पर चारों ओर मलबा, आग की लपटें और चीख-पुकार का भयावह मंजर फैल गया। सबसे दर्दनाक दृश्य बोलेरो का था, जो टक्कर के तुरंत बाद आग का गोला बन गई। आग इतनी भीषण थी कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। बोलेरो में मौजूद 9 लोग जिंदा जल गए। इनमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल थे। इसके अलावा एक कार सवार और एक ट्रक चालक की भी मौत हो गई। कुल 11 मौतों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बोलेरो सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के रहने वाले थे और मैहर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है। प्रशासन की ओर से घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी। वहीं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ट्रक का ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रियंका सिंह (42 वर्ष), पत्नी कमलेश सिंह, निवासी सतना,कार्तिकेय सिंह (18-19 वर्ष), पुत्र कमलेश सिंह, निवासी सतना पियूष सिंह (14-15 वर्ष), पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी जिगना,पंकज सिंह (40 वर्ष), पुत्र स्व. रामचंद्र सिंह, निवासी जिगना बीना सिंह (47 वर्ष), पत्नी प्रदीप सिंह, निवासी जिगना
वंदना सिंह (43 वर्ष), पत्नी अरुण सिंह, निवासी जिगना
शिवा सिंह (48 वर्ष), पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी जिगना प्रयागराज
सोनम सिंह (19 वर्ष), पुत्री ओमकार शर्मा, निवासी नेया खेड़ा (सतना) विष्णु सिंह (45 वर्ष), पुत्र ओमकार शर्मा, निवासी नेया खेड़ा (सागर, मध्य प्रदेश) जय प्रकाश (28 वर्ष), पुत्र मुन्नर, निवासी भटियागांव व एक अज्ञात के रूप में हुई । ड्रमंडगंज घाटी की यह रात उन परिवारों के लिए हमेशा एक काली याद बनकर रह जाएगी, जिन्होंने अपनों को जिंदा जलते हुए खो दिया।