कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने सौंपा डीएम को ज्ञापन
BHADOHI NEWS: डीघ ब्लॉक के सोनपुर गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बस्ती के बीच स्थापित कंपोजिट शराब की दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यह शराब की दुकान रात 10 बजे के निर्धारित समय के बाद भी संचालित होती है। इसके कारण वहां गाली-गलौज और अराजक तत्वों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे बस्ती के लोग भयभीत रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शराब की दुकान से कुछ ही दूरी पर एक विद्यालय है, जहां बच्चों का आवागमन रहता है। नशे की हालत में शराबियों द्वारा की जाने वाली अनाप-शनाप बातें बच्चों पर बुरा प्रभाव डाल सकती हैं। ग्रामीणों द्वारा डीएम को दिए गए पत्रक में उल्लेख किया गया है कि दुकान के पास ही भगवान शिव का मंदिर है। सुबह-शाम श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं, और रास्ते में शराब की दुकान उनकी आस्था को ठेस पहुंचा रही है। बस्ती के बीच शराब की दुकान होने से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि प्रदेश सरकार नारी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। ऐसे में बस्ती के बीच यह दुकान महिलाओं के लिए समस्या पैदा कर रही है, जिसे तुरंत हटाया जाना चाहिए। इस मौके पर सविता, नगीना, अजमत, संगीता, धर्मेंद्र कुमार, लवकुश, संजय कुमार, कोमल यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







