PRAYAGRAJ NEWS: नगर निगम में मंगलवार को आयोजित ‘सम्भव’ जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना निगम का प्रमुख दायित्व है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से पेयजल संकट, सड़क एवं नाली निर्माण, जाम नालियों की सफाई, अतिक्रमण, मार्ग प्रकाश, साफ-सफाई, शौचालयध्यूरिनल की व्यवस्था, हाउस टैक्स तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जहां आवश्यक हो, मरम्मत और निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में चबूतरे, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। साथ ही अतिक्रमण, मलवा और गंदगी जैसी समस्याओं पर भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नगर निगम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अब तक हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव, अरविन्द कुमार रॉय, जनसंपर्क अधिकारी दिनेश चंद्र सचान, मुख्य अभियंता (सिविल) संजय कटियार, मुख्य अभियंता (वि./या.) डॉ. महेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, महाप्रबंधक जलकल गौरव कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय मंगई, पशु चिकित्सा कल्याण विभाग के डॉ. विजय अमृत राज, सहायक नगर आयुक्त रामपूजन सहित सभी जोनल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







