कंपोजिट विद्यालय मकनपुर में आयोजित की गई थी यह बैठक
BHADOHI NEWS: न्याय पंचायत हरीपट्टी, विकासखंड सुरियावां की मासिक शिक्षण संकुल की बैठक कंपोजिट विद्यालय मकनपुर में मंगलवार को आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में विद्यालयों के सत्र 2026-27 के लिए नवीन नामांकन बढ़ाने के लिए अभियान चलाने और शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। वहीं विद्यालयों में छात्रों की नियमित और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों के साथ लगातार संवाद (पीटीएम) करने पर बल दिया गया। साथ ही बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता के आंकलन पर चर्चा की गई। छात्रों की प्रगति को ट्रैक करने के लिए नियमित रूप से रिपोर्ट कार्ड अपडेट करने और उनके प्रदर्शन को अभिभावकों के साथ साझा करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही दीप ऐप के प्रभावी उपयोग आदि जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस मौके पर डॉ.ओमप्रकाश मिश्र, अशोक पटेल, यशवंत राव सहित समस्त शिक्षक संकुल के सदस्य, नोडल शिक्षण संकुल तथा न्याय पंचायत हरीपट्टी के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।







