KAUSHAMBI NEWS: सिराथू क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, देवखरपुर में छात्राओं के आत्मबल और आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम दिन विशाल ‘नारी श्रृंखला’ के साथ हुआ, जिसमें छात्राओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए नारी शक्ति का संदेश दिया। पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल रहा। दूसरे दिन विभिन्न खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने गीत-संगीत, योग-प्राणायाम के साथ ही गोला फेंक और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। तीसरे दिन निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय ऐतिहासिक महान नारियों के जीवन पर आधारित रहा। छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले और सरोजिनी नायडू जैसी प्रेरणादायी हस्तियों के जीवन और संघर्षों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय भद्र ने कार्यक्रम कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, आत्मबल और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य संजय भद्र ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही है कि बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहराने में सक्षम हैं ।
Home उत्तर प्रदेश बेटियों में आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता का संदेश, ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में...







