समय पर पंचायत चुनाव कराने व गांवों में प्रशासक न नियुक्त करने की मांग की
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी कोरांव को सौंपा है। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले सौंपे गए इस ज्ञापन में समय पर पंचायत चुनाव कराने की मांग की गई है। प्रधान संघ के अध्यक्ष रामानुज यादव ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। ग्राम प्रधानों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पंचायती राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। ग्राम पंचायतें ग्राम विकास की प्रथम इकाई हैं, जिनका संचालन जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि विगत वर्षों में पंचायत चुनावों में अनावश्यक विलंब किया जाता है और उस अवधि में ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त कर दिए जाते हैं। यह व्यवस्था न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है, बल्कि ग्राम स्तर पर विकास कार्यों को भी बाधित करती है। सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम प्रधानों ने मांग की है कि पंचायत चुनाव संविधान के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से संपन्न कराए जाएं। किसी भी परिस्थिति में पंचायतों में प्रशासक नियुक्त न किए जाएं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अन्य प्रदेशों की भांति वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार ग्राम पंचायतों के पास रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में स्पष्ट नीति बनाने की मांग की। ग्राम प्रधानों ने पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों एवं गरिमा की रक्षा हेतु भी स्पष्ट नीति बनाए जाने की अपील की। खंड विकास अधिकारी कोरांव मनोज कुमार सिंह की अनुपस्थिति में एडीओ सांख्यिकी विकास कश्यप ने ग्राम प्रधानों से ज्ञापन लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों तक ज्ञापन पहुंचाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री दिलीप सोनी, देवराज सिंह, वेद प्रकाश सिंह, गंधर्व कुमार सिंह, दिनेश यादव, देवी दयाल मिश्र, लालता प्रसाद, अर्जुन सिंह, अनंत प्रसाद गुप्ता, रामबली बिंद, पंडित मनीराम शुक्ल, विजय बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।







