JAUNPUR NEWS: जनपद की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के नवनिर्मित कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। मण्डलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने वर्चुअल माध्यम से भवन का उद्घाटन किया, जबकि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया और पूजन-अर्चन के बाद पुजारी को अंगवस्त्रम भेंट किया। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में एनआईसी कार्यालय जर्जर भवन में संचालित हो रहा था, जहां वर्षा के दौरान छतों से पानी टपकने के कारण तकनीकी उपकरणों, इंटरनेट कनेक्टिविटी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लगातार बाधाएं आती थीं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ‘क्रिटिकल गैप्स फंड’ के तहत इस अत्याधुनिक और सुविधायुक्त भवन का निर्माण कराया गया है।
नए एनआईसी कार्यालय में आधुनिक सर्वर, हाई-स्पीड इंटरनेट और उन्नत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की व्यवस्था की गई है, जिससे शासन और जिला प्रशासन के बीच संवाद अब अधिक तेज और निर्बाध हो सकेगा। जिलाधिकारी ने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यह भवन तकनीकी दक्षता और प्रशासनिक सुगमता का केंद्र बनेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में एक बड़े हॉल के निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है, जहां बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सुनील भारती, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण यादव, ईडीएम प्रतीक उपाध्याय सहित कलेक्ट्रेट एवं एनआईसी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







