प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बनाते थे निशाना, 3 मोबाइल फोन बरामद
JHANSI NEWS: रेलवे स्टेशन झाँसी पर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जीआरपी झाँसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म पर सक्रिय तीन शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में जीआरपी टीम ने 20 अप्रैल को प्लेटफॉर्म नंबर 1/7 दिल्ली एंड के अंतिम छोर पर बने ई-केबिन के पास दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जितेन्द्र कुशवाहा उर्फ जीतू निवासी ललितपुर, धरिन्द्र निवासी झाँसी क्षेत्र एवं राहुल वर्मा निवासी नबाबाद, झाँसी शामिल हैं।
आरोपियों के पास से एक वनप्लस (काला), एक वीवो (ग्रे) एवं एक रियलमी (हल्का आसमानी) मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चलती ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर यात्रियों का मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना जीआरपी झाँसी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल सिंह, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, कांस्टेबल अमित तिवारी एवं कांस्टेबल कमल किशोर की टीम ने यह सफलता प्राप्त की। इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।







