Home उत्तर प्रदेश तहसील समाधान दिवस में 47 शिकायतों की सुनवाई अधिकारियों को समयबद्ध व...

तहसील समाधान दिवस में 47 शिकायतों की सुनवाई अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS:  शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के तहत तहसील शोहरतगढ़ में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0 अभिषेक महाजन की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। समाधान दिवस के दौरान राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। राजस्व एवं अन्य विभागों की शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र द्वारा की गई, जबकि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण पुलिस अधीक्षक ने किया।जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति आख्या का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में मौके पर जाकर निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों पक्षों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से की जाए। कानूनगो एवं लेखपालों को भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर तैयार करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व के 44, पुलिस का 1, शिक्षा का 1 तथा विद्युत के 2 प्रकरण शामिल रहे। राजस्व विभाग के 6 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान उपकृषि निदेशक, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई निर्माण खण्ड, अधिशासी अभियन्ता ड्रेनेज खण्ड, अधिशासी अभियन्ता राप्ती नहर निर्माण खण्ड-2 एवं लीड बैंक अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उनका स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा सन्दीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी,तहसीलदार  शोहरतगढ़ प्रकाश सिंह यादव सहित सभी संबंधित अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।