KUSHINAGAR NEWS: नगर पंचायत फाजिलनगर के अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन, जो दिनांक 05 मई, 2026 को प्रस्तावित है, में FRS (Facial Recognition System) Mobile Application के प्रयोग के संबंध में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई, जिसमें जनपद कुशीनगर को एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। बैठक में सहायक निर्वाचन निदेशक, राज्य निर्वाचन आयोग की उपस्थिति में FRS प्रणाली के तकनीकी एवं संचालन संबंधी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि FRS मोबाइल एप के माध्यम से मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने हेतु उनके चेहरे को स्कैन कर राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर सुरक्षित रूप से अपलोड किया जाएगा। यह डेटा पूर्णतः सुरक्षित रहेगा तथा किसी भी स्थिति में सार्वजनिक या साझा नहीं किया जाएगा। FRS प्रणाली के उपयोग से डुप्लीकेट मतदान (एक से अधिक बार मतदान) को रोका जा सकेगा, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं निर्वाचन में भाग लेने वाले प्रत्याशियों ने सहभागिता की तथा FRS प्रणाली के संबंध में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।







