छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए सुबह 7 से 12 बजे तक स्कूल समय करने की मांग,
चिरगांव ब्लॉक के शिक्षकों का वेतन लंबित होने का मुद्दा भी उठाया
JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र दीक्षित एवं जिला मंत्री मृत्युंजय सिंह ने जिलाधिकारी को नामित ज्ञापन सौंपकर भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे छुट्टी के समय छोटे-छोटे बच्चों को तेज धूप में पैदल घर जाना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में विद्यालयों का संचालन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाना आवश्यक है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया कि चिरगांव ब्लॉक द्वारा अब तक अंतर अवशेष बिल प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, जिसके कारण वहां के शिक्षकों को मार्च माह का वेतन अभी तक प्राप्त नहीं हो सका है। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण राय, जिला संयुक्त मंत्री शिवकुमार पाराशर, कोषाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा एवं मुकेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







