Home उत्तर प्रदेश शोहदाए कर्बला व सफवी कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन, उलेमा ने दिया अमन...

शोहदाए कर्बला व सफवी कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन, उलेमा ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश

मौलाना आमिर मियां सफवी की तकरीर से माहौल रहा गुलजार

FATEHPUR NEWS: जनपद के खागा कस्बे में नमाज़-ए-इशा के बाद “ज़िक्र-ए-शोहदाए कर्बला व सफवी कॉन्फ्रेंस” का भव्य एवं रूहानी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी रही, जहां लोगों ने शोहदाए कर्बला की कुर्बानियों को याद करते हुए उनसे सबक लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सदारत हाफ़िज़ व क़ारी समीर रज़ा सफवी साहब ने की। वहीं मुख्य अतिथि एवं ख़ुसूसी ख़िताब के लिए नवासा-ए-हुज़ूर अशहाबे मिल्लत, हज़रत मौलाना आमिर मियां सफवी साहब क़िबला (ख़ानकाह-ए-चिश्तिया दीदारिया, करेली प्रयागराज) से तशरीफ़ लाए। उनके आगमन पर आयोजकों व स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। कॉन्फ्रेंस में मशहूर शायर जनाब शाने अरब मुरादाबादी, महताब दानिश फूलपुरी, क़ारी शमीउल हसन साहब (जयपुर) एवं क़ारी मतीन साहब क़िबला समेत इलाके के तमाम उलेमा-ए-किराम और शोहराओं ने शिरकत की। नात, तकरीर और शायरी के जरिए माहौल पूरी तरह से रूहानी बना रहा। अपने ख़िताब में हज़रत मौलाना आमिर मियां सफवी साहब ने हुज़ूर अशहाबे मिल्लत अलैहिर्रहमा की करामात और उनकी दीनी खिदमतों पर रोशनी डाली। उन्होंने कर्बला के वाकये को इंसानियत के लिए सबसे बड़ा सबक बताते हुए कहा कि हज़रत इमाम हुसैन और उनके साथियों ने सच्चाई, इंसाफ और दीन की खातिर अपनी जानें कुर्बान कर दीं। हमें उनकी कुर्बानियों से प्रेरणा लेकर समाज में अमन, मोहब्बत और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। उलेमा-ए-किराम ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में समाज को सबसे ज्यादा जरूरत आपसी एकता, सहिष्णुता और इंसानियत की है। कर्बला का पैगाम हमें बुराई के खिलाफ खड़े होने और सच का साथ देने की ताकत देता है। कार्यक्रम का आयोजन राजा भाई, समीर सफवी, अमीन भाई, अदनान और हमज़ा हुसैनी कमेटी की जानिब से किया गया। आयोजकों ने आए हुए सभी मेहमानों और हाजरीनों का आभार व्यक्त किया। अंत में मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा माहौल दीनी जज़्बे और अकीदत से सराबोर नजर आया।