PRATAPGARH NEWS: नगर पंचायत कोहंडौर में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा विभिन्न स्थानों पर गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद व उनके प्रतिनिधि किशन सोनी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने अध्यक्ष कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अध्यक्ष शीतला प्रसाद ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। वहीं प्रतिनिधि किशन सोनी ने कहा कि अंबेडकर द्वारा रचित संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है और न्यायपूर्ण व्यवस्था की नींव रखता है।
इसी क्रम में सरौली के असलम खान ने भी बड़ी संख्या में लोगों के साथ शोभायात्रा निकाली। यात्रा में उनका चर्चित घोड़ा “बादल” सहित अन्य घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। बरौली, विजरा व कटारी समेत आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों का चेयरमैन कार्यालय पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। अंत में सभी उपस्थित जनों ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।







