PRAYAGRAJ NEWS: विकासखंड चाका क्षेत्र में पंचायत चुनाव समय पर न होने की खबर से विभिन्न गांवों के प्रधानों में चिंता और नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रधानों का मानना है कि चुनाव में देरी से पंचायत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रधानों ने कहा कि सरकार द्वारा समय पर चुनाव न कराना पंचायत एक्ट की भावना के विपरीत है, जिससे प्रधानों की गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थिति को वे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसी क्रम में बृहस्पतिवार दोपहर बाद चाका विकासखंड के विभिन्न गांवों के प्रधानों ने अखिल भारतीय प्रधान संघ के बैनर तले एक बैठक आयोजित की, जिसमें शासन-प्रशासन की नीतियों पर जमकर असंतोष व्यक्त किया गया। बैठक में उपस्थित अखिल भारतीय प्रधान संघ की अध्यक्ष नीलम पथिक ने कहा कि सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लगातार टाल रही है। यदि चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, तो प्रधानों के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार यथावत बनाए रखा जाए।वहीं संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, अन्यथा प्रधान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर प्रधान संघ विधानसभा अध्यक्ष नियाज अहमद, उपाध्यक्ष शगुन देवी, संगठन के पदाधिकारी राकेश, मुजीब अब्बास, नूरजहां बेगम, मोहम्मद इमरान, सतीश चंद्र पटेल, सुधीर यादव, सिपाही लाल, प्रदीप कुमार, बेला देवी, पत्नी देवराज, महेश कुमार, उमाशंकर भारतीया, अनीता देवी सुमन देवी पत्नी दिसंबर पटेल कई प्रधान उपस्थित रहे।







