FATEHPUR NEWS: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद गांव के पास गुरुवार दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से गेहूं की पकी फसल में आग लग गई, जिससे चार किसानों की करीब ढाई बीघा फसल जलकर खाक हो गई। घटना जय गुरुदेव मंदिर के पीछे दोपहर लगभग 12:30 बजे की है। अचानक खेत में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से खेतों में फैलने लगी। आग की लपटें उठती देख सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसानों और युवाओं ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक फसल का बड़ा हिस्सा जल चुका था। इस घटना में जाफराबाद गांव निवासी सुंदर पुत्र गया प्रसाद, सोहनलाल पुत्र गुरुदीन, राकेश पुत्र लालमन तथा दिलीप पुत्र राजाराम की लगभग ढाई बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल अजीत उमराव ने नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। अचानक लगी आग से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने चिंता की स्थिति पैदा हो गई है।







