FATEHPUR NEWS: नगर पालिका परिषद बिंदकी के पांच नामित सभासदों को बुधवार को आयोजित एक भव्य समारोह में शपथ दिलाई गई। मुगल रोड स्थित काशी कॉम्प्लेक्स में अपर उप जिलाधिकारी प्रदीप कुमार रमन ने सभी नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। शपथ लेने वाले सभासदों में सोमवती निषाद, बृजेश मिश्रा, गुलशन गुप्ता, वेदांस प्रजापति और सुल्तान सिंह शामिल रहे। समारोह के दौरान समर्थकों ने तालियों और नारों के साथ अपने प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद बिंदकी की चेयरमैन राधा साहू ने कहा कि नगर पालिका परिषद के 25 निर्वाचित और 5 नामित, कुल 30 सभासद मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर नगर के विकास को नई दिशा देंगे। शपथ ग्रहण समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सुशील कुमार, अधिशासी अधिकारी चंद्र कृष्णा पांडेय, राजस्व निरीक्षक रविंद्र कुमार सोनकर, अवर अभियंता आराधना पटेल, योगेश गुप्ता और प्रधान लिपिक मनोज कुमार शुक्ला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता प्रमोद द्विवेदी, बैजनाथ वर्मा, वीरेंद्र दुबे, मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह, सभासद आनंद सोनकर, पप्पू शाह, विक्रम उत्तम पटेल, मोतीलाल निषाद, विजय कुमार साहू (काजू साहू), भाजपा नेत्री रन्नो गुप्ता, स्वाती ओमर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समर्थक समारोह में शामिल हुए।







