SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा स्वगणना प्रक्रिया के सफल संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व 07 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना फार्म भरे जाएंगे। इस अवधि में जनपद के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए स्वगणना की व्यवस्था भी की गई है, जिसके अंतर्गत लोग ऑनलाइन माध्यम से census.gov.in/se वेबसाइट पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणनाकारों एवं पर्यवेक्षकों का समय से प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे निर्धारित प्रारूप के अनुसार सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े संकलित कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही, स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के माध्यम से आमजन को इस प्रक्रिया की जानकारी देने पर बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक में समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बी.एस. यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश से नियुक्त नोडल अधिकारी नागेन्द्र यादव, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







