Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत नारी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

मिशन शक्ति के तहत नारी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

FATEHPUR NEWS: जनपद में मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नारी सम्मान समारोह का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटा-बेटी में भेदभाव न करें और दोनों को समान अवसर प्रदान करें। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास पर जोर देने को कहा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जनपद के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बिना झिझक अपनी शिकायत दर्ज कराएं, उनकी गोपनीयता बनाए रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न टोल फ्री नंबरों और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांग महिलाओं को ट्राई साइकिल एवं मानसिक दिव्यांग बच्चों को MR किट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।