SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के नगर निकायों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं का मूल्यांकन करना रहा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण, नाली सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर निकायों में नियमित सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लापरवाही जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां कहीं भी पेयजल की समस्या हो, उसका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान कराया जाए। खराब एटीएम वाटर यूनिटों को शीघ्र ठीक कराने तथा पाइपलाइन की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नगर निकायों की आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कर वसूली को प्रभावी बनाकर नगर निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूत किया जाए, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गौरव श्रीवास्तव, सभी अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







