JHANSI NEWS: राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव एवं बुंदेलखंड प्रभारी विमलेश पाठक ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी, जालौन, ललितपुर सहित कानपुर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में इस प्राकृतिक आपदा से खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। मौसम विभाग द्वारा पहले ही प्रदेश में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद कई क्षेत्रों में गेहूं, सरसों और अन्य रबी फसलों को गंभीर नुकसान हुआ है कानपुर समेत कई जिलों में तेज तूफान और बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, वहीं कुछ स्थानों पर लोगों की मौत और घायल होने की खबरें भी आई हैं।
इस बीच, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव एवं बुंदेलखंड प्रभारी विमलेश पाठक (एडवोकेट) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावित किसानों के लिए राहत की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस आपदा से किसानों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से प्रभावित हो गई है और वे गंभीर संकट में हैं। उन्होंने मांग की कि:फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए,किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए,किसानों के राजस्व संबंधी भुगतान को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए आपदा में मृत लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए विमलेश पाठक ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर राहत प्रदान करेगी।







