Home उत्तर प्रदेश पॉलिटेक्निक और जेसीज चौराहे पर  जाम की समस्या से निजात दिलाने के...

पॉलिटेक्निक और जेसीज चौराहे पर  जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए उठाएं ठोस कदम: बाबू सिंह कुशवाहा

दिशा की बैठक में शिलापट्टों की अनियमितता पर जनप्रतिनिधियों ने जताई कड़ी नाराजगी
JAUNPUR NEWS: जिले में गुरुवार को आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। अध्यक्षता सदर लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों की गर्माहट सभागार में देखने को मिली। इसमें मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, बिजली एवं कृषि से संबंधित मुद्दे अहम रहे। दिशा की बैठक में इस बार भी शिलापट्टों की अनियमितता मामला ने जोर पकड़ लिया। जनप्रतिनिधियों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सह-अध्यक्ष के रूप में मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी मौजूद रहीं। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के तौर पर निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की स्थिति और सुदृढ़ करने का लाख दावा करें लेकिन समस्या जस की तस बनी है। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि यदि सड़कों के निर्माण के दो वर्ष के भीतर शिलापट्ट नहीं लगे तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के द्वारा फोन न रिसीव करने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा एक ही मामले में दो अलग-अलग उत्तर पर कड़ी आपत्ति की। उन्होंने पॉलिटेक्निक और जेसीज चौराहे पर निजी बसों के खड़ी होने से जाम की समस्या से निजात दिलाने, कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी के लिए गांव-गांव कैंप लगाने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार करने पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। मछलीशहर की सपा सांसद प्रिया सरोज ने जफराबाद में सड़क निर्माण के शिलापट्ट में उनका नाम न लिखे जाने, पीपा पुल पर शिलापट्ट न लगने पर सवाल उठाए।  बैठक में बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने जिले में अच्छी ओपीडी देने वाली सीएचसी का सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की उसरा बाजार में बदहाल सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की। मछलीशहर की सपा विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने स्थानीय सीएचसी में बाउंड्री वॉल, डिजिटल एक्सरे, महिला सर्जन की कमी की समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक ने थाने से अस्पताल की ज्यादा दूरी होने के चलते मेडिकल कराने में हो रही समस्या के निस्तारण की मांग की। शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने सुइथाकला के भैंसौली की जर्जर पीएचसी, वहां जुआरियों के जमावड़े, डॉक्टर की नाम मात्र की तैनाती, बैठने की व्यवस्था की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने सहकारिता विभाग के बंद चारों क्रय केन्द्रों दुमदुमा, अरसिया और सहित अन्य को शीघ्र चालू कराने की मांग की। मुंगराबादशाहपुर के सपा विधायक पंकज पटेल ने बंद जन आरोग्य केंद्रों, डॉक्टर के समय से न आने और उनके खिलाफ कार्रवाई के बारे में सवाल उठाया। उन्होंने गेहूं क्रय केन्द्रों के बारे में विधानसभा वार सूची की मांग की। 3 साल बीत जाने के बाद भी शिलापट्ट न लगने पर विधायक भड़क उठे। मल्हनी विधायक लकी यादव ने  छुंछा पुल से करंजाकला मार्ग जल्द उखड जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच के लिए डीएम से मांग की। इस मौके पर एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु, मड़ियाहूं विधायक डॉ आरके पटेल, जफराबाद विधायक राजनारायण राय, केराकत विधायक तूफानी सरोज, नपा अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, डॉ रामसूरत मौर्य, एसपी कुंवर अनुपम सिंह, सीडीओ ध्रुव खड़िया, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, एडीआईओ शशि, पीडी कृष्ण करुणाकर पांडेय, डीडीओ मीनाक्षी देवी, बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल, ईओ पवन कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, डीएसओ संतोष विक्रम शाही सहित अन्य मौजूद रहे।