Home उत्तर प्रदेश जवाहर नवोदय विद्यालय मे पांच दिवसीय स्काउट-गाइड राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का...

जवाहर नवोदय विद्यालय मे पांच दिवसीय स्काउट-गाइड राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का समापन

MIRZAPUR NEWS: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित जिले के पटेहरा कला स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मे बीते 1 अप्रैल से शुरू होकर 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुए पांच दिवसीय स्काउट-गाइड राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन रविवार को किया गया। शिविर मे लगभग 75 गाइड प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रशिक्षण एवं परीक्षण गतिविधियों में भाग लिया। विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में बी.पी. सिक्स, ध्वज शिष्टाचार, प्रवेश एवं विभिन्न सोपानों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें गांठों (Knots), पथ (Tracking), प्राथमिक चिकित्सा एवं स्काउटिंग की अन्य व्यावहारिक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने प्रवेश, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान के लिखित एवं मौखिक परीक्षणों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त ग्राम भ्रमण (Hiking), टेंट पिचिंग एवं कुकिंग (बाती-चोखा) जैसी प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से उनमें आत्मनिर्भरता, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ. सांध्यकालीन कार्यक्रमों में STA (Spare Time Assessment) के अंतर्गत मौखिक परीक्षण एवं रोचक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, साथ ही कैंप फायर के माध्यम से प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोकगीत, लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। शिविर का अंतिम दिवस अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक रहा, जिसकी शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना एवं ध्वज शिष्टाचार से हुई। इसके पश्चात समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की ग्रुपिंग फोटो ली गई तथा सभी अनुरक्षकों को प्राचार्य संजय सिंह एवं निवर्तमान प्राचार्य श्रीराम सिंह द्वारा विद्यालय की पत्रिका स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट की गई। प्राचार्य संजय सिंह ने मुख्य परीक्षक श्रीमती मधुलिका वर्मा का ससम्मान स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा शिविर को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने वाले सभी ट्रेनर्स के प्रति आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम के अंत में ध्वज अवतरण  सम्पन्न किया गया, जिसके साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक अजय त्रिपाठी, राम लखन मौर्य, विपिन सिंह, वेद प्रकाश मिश्र, स्काउट मास्टर नईमुल्ला एवं अन्य विद्यालय कि डॉ अर्चना, संगीता, सुरभि, सरिता आदि स्टाफ की भी  गरिमामयी उपस्थिति रही। गाइड प्रभारी कुमारी स्वेक्षा, स्काउट मास्टर नईमुल्ला एवं समस्त विद्यालय परिवार के सहयोग से शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ।