मानकों की उडाई जा रही है धज्जियां, धड़ल्ले से निर्माण
KUSHINAGAR NEWS: जनपद के खड्डा विकास खंड अन्तर्गत ग्रामसभा भुजौली बुजुर्ग स्थित दरोगा सिंह के टोला में काली माॅ मंदिर से कोतरहा नाला तक बन रही लगभग 200 मीटर लंबी आरसीसी सड़क अब सवालों के घेरे में है। सबब यह है कि विधायक निधि से हो रहा यह निर्माण कार्य शुरुआत से ही विवादों में घिर गया है और मौके पर सामने आई अनियमितताओं ने पुरे निर्माण कार्य को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर सर्वजन हित पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विजय कुमार पाण्डेय ने स्थानीय लोगों के साथ जब निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आयी। ग्रामीणो ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी व गुणवत्ता का खुला मजाक बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। राष्ट्रीय महासचिव श्री पाण्डेय का कहना है कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जहां निर्माण में मोरंग और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल नही हो रहा है। बल्कि वहां नहर से निकली मिट्टी युक्त सिल्ट डाली जा रही है। इतना ही नहीं, पुराने खड़ंजे की ईंटों को बिना किसी वैधानिक नीलामी के दोबारा प्रयोग में लाया जा रहा है, जो नियमों की सीधी अनदेखी है। इसके अलावा नई ईंटों की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क के दोनों किनारों से ईंटें उखाड़कर उसकी चौड़ाई पहले से कम कर दी गई है, जिससे यह निर्माण कार्य सीधे तौर पर घटिया और संदेहास्पद नजर आ रहा है। गिट्टी की सही ढंग से कुटाई तक नहीं की जा रही, जिससे सड़क की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर मौजूद मजदूरों ने भी चौंकाने वाला खुलासा किया। उनके अनुसार, कार्यदायी संस्था का कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी साइट पर निगरानी के लिए नहीं आता है, जिसके वजह से पूरा काम मनमानी और बिना किसी तकनीकी देखरेख के कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति के माध्यम से यह निर्माण कराया जा रहा है, जिससे पूरे प्रोजेक्ट की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। इधर, निर्माण कार्य वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। विजय कुमार पाण्डेय ने पूरे प्रकरण को गंभीर वित्तीय अनियमितता करार देते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी कुशीनगर को शिकायती पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने साफ कहा कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो यह मामला बड़े भ्रष्टाचार का रूप ले सकता है।







