Home उत्तर प्रदेश अब बिना किसान आईडी नहीं मिलेगा लाभ: 6 अप्रैल से गांव-गांव लगेगा...

अब बिना किसान आईडी नहीं मिलेगा लाभ: 6 अप्रैल से गांव-गांव लगेगा फार्मर रजिस्ट्री कैंप

JAUNPUR NEWS: जौनपुर में किसानों के लिए बड़ी पहल करते हुए 06 अप्रैल से गांव-गांव विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान शुरू किया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया कि जनपद के सभी पात्र किसानों की रजिस्ट्री हर हाल में शत-प्रतिशत पूरी की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एग्रीस्टैक (AgriStack) के तहत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक किसानों की किसान आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) बनाई जा रही है। अभी भी कई विकास खंडों में बड़ी संख्या में रजिस्ट्री लंबित है, जिसे पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत सभी विकास खंडों में अधिक पेंडेंसी वाले ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर 06 अप्रैल से विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में किसानों को फोन कर बुलाया जाएगा और मौके पर ही उनकी रजिस्ट्री की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 21 नोडल अधिकारी और 6 तहसील नोडल अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंप गांव के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभ उठा सकें। सुबह 8 बजे से कैंप में एडीओ (कृषि), लेखपाल, प्राविधिक सहायक, एटीएम, बीटीएम, ग्राम सचिव और पंचायत सहायक उपस्थित रहेंगे और रजिस्ट्री कार्य पूरा कराएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि अब किसान सम्मान निधि, उर्वरक सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी किसान आईडी बनी होगी। इसलिए कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य राजस्व अधिकारी, डीपीआरओ, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।