Home उत्तर प्रदेश बिजली व्यवस्था पर सख्ती: सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने जताई नाराजगी, ट्रांसफार्मर...

बिजली व्यवस्था पर सख्ती: सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने जताई नाराजगी, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने के निर्देश

JAUNPUR NEWS: जिला विद्युत समिति की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली व्यवस्था की खामियों को लेकर गंभीर मुद्दे उठाए, जिस पर अध्यक्ष ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में सांसद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि सभी विद्युत अधिकारियों के मोबाइल में जनप्रतिनिधियों के नंबर फीड करा दिए गए हैं। जर्जर खंभों के सर्वे और विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने की कार्रवाई जारी है। जनप्रतिनिधियों ने विधायक निधि के लंबित कार्यों का मुद्दा उठाया, जिस पर सांसद ने निर्देश दिया कि सभी अवशेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे किए जाएं और भूमि विवाद एक सप्ताह में निस्तारित हों। साथ ही विधानसभावार प्रस्तावित विद्युत कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने और शिकायतों के समाधान में देरी पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और गर्मी को देखते हुए जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त व्यवस्था की जाए। जर्जर तारों को बदलने और टेढ़े खंभों को ठीक कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना और ओटीएस स्कीम की जानकारी भी दी गई। साथ ही स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों की जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। रामपुर, गोपालापुर और आशापुर क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर लगने के बावजूद बिजली आपूर्ति न होने के मामलों की जांच के निर्देश दिए गए। वहीं बेलसरी गांव (मल्हनी) और शाहगंज में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाओं पर जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।
नलकूप विभाग की समीक्षा के दौरान अधूरे विद्युतीकरण कार्य 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और खराब सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय से जवाब देने और बैठक का एजेंडा पहले उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में विधायक जगदीश नारायण राय, रमेश सिंह, डॉ. रागिनी सोनकर, पंकज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, चीफ इंजीनियर विद्युत समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।