KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ ओवरब्रिज के पास 1 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय हीरालाल सरोज की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में रोना पिटना मच गया। जानकारी के अनुसार कोखराज के ग्राम बमरौली निवासी हीरालाल सरोज पुत्र स्वर्गीय राम सजीवन प्रयागराज के ज्योतिबा राव विद्यालय सोरांव में कंप्यूटर बाबू के पद पर कार्यरत थे। 1 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे वह ड्यूटी जाने के लिए टेढ़ी मोड़ के पास हाईवे पार कर बस पकड़ने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले मंझनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। बाद में उनका इलाज स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में चल रहा था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में पत्नी सरिता देवी और तीन बेटे अर्पित, अंश व वंश हैं। हीरालाल की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।







