Home उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण की मिसाल ‘बलिनी’ पर साजिश, जांच की उठी मांग

महिला सशक्तिकरण की मिसाल ‘बलिनी’ पर साजिश, जांच की उठी मांग

बलिनी डेयरी पर बाहरी कंपनी की साजिश! महिला किसानों को गुमराह करने का आरोप,
JHANSI NEWS: बुन्देलखण्ड की महिला डेयरी किसानों की संस्था बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के विरुद्ध बाहरी तत्वों द्वारा भ्रामक प्रचार और षड्यंत्र रचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सांसद अनुराग शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2019 में स्थापित बलिनी कंपनी, जो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से संचालित है, वर्तमान में बुन्देलखण्ड के सात जनपदों के लगभग 1410 गांवों की 96 हजार महिला किसानों को जोड़कर प्रतिदिन करीब 3 लाख लीटर दूध का संग्रहण एवं विपणन कर रही है। इस पहल से हजारों महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और लगभग 25 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” योजना के अंतर्गत लाभान्वित हो चुकी हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजस्थान की एक निजी डेयरी कंपनी द्वारा सुनियोजित तरीके से बलिनी से जुड़े किसानों, दुग्ध संग्रह केंद्रों और कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है। साथ ही, झूठी सूचनाएं फैलाकर संस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने और कर्मचारियों को लालच देकर दूसरी कंपनी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महिला किसानों का कहना है कि यह गतिविधियां न केवल उनके हितों के विरुद्ध हैं, बल्कि सरकार की महिला सशक्तिकरण की इस महत्वाकांक्षी योजना को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। ज्ञापन के माध्यम से सांसद से मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए तथा किसानों को गुमराह करने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। महिला किसानों ने उम्मीद जताई है कि त्वरित कार्रवाई से न केवल उनके हित सुरक्षित होंगे, बल्कि बुन्देलखण्ड में महिला सशक्तिकरण की यह सफल पहल निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।