JHANSI NEWS: प्राथमिक विद्यालय कलरया में विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह एवं नवप्रवेश कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अनन्या खरे ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह क्षेत्र सहारिया जनजाति बाहुल्य है, लेकिन विद्यालय के शिक्षकों के निरंतर प्रयासों से लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि अब अधिक से अधिक बच्चे विद्यालय में प्रवेश ले रहे हैं। इस अवसर पर सोम मिश्र, विश्व ज्योति, रेखा रानी, रतन कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा विदाई ले रहे बच्चों को शुभकामनाएं दी गईं।







