KUSHINAGAR NEWS: नगर के प्राचीन महावीर मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव एवं श्री रामचरितमानस पाठ के पावन समापन अवसर पर आयोजित भव्य भंडारे ने आस्था और उत्साह का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मंदिर परिसर से लेकर आसपास की गलियां तक भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आईं। भंडारे में नगर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के गगनभेदी जयकारों के बीच भक्ति संगीत की स्वर लहरियों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे की भावना और मजबूत होती है। भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्शों को अपनाकर ही समाज को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है। भंडारे की व्यवस्था में स्थानीय युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल, पुजारी गौरी शंकर लाटा सहित अनेक समाजसेवियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







