PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज के बाद अब वाराणसी में भी इस बार एयर शो देखने को मिलेगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 8 अक्तूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर यह शो कराने की योजना है। हालांकि अभी स्थान चिह्नित नहीं है। इसके लिए बीते बुधवार को बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एयरपोर्ट के अधिकारियों संग एयरफोर्स और सीआईएसएफ ने बैठक कर मंथन किया। वाराणसी के बाबतपुर में स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का विस्तार किया जा रहा है। विस्तार के बाद यह एयरपोर्ट पूरे पूर्वांचल का सबसे बड़ा, सबसे आधुनिक, सबसे अलौकिक और सबसे अद्भुत रूप के लिए जाना जाएगा। इस बार 8 अक्तूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर एयर शो कराने पर मंथन चल रहा है। एयर शो में भारतीय वायुसेना के जांबाज साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन होगा। इसमें सेना के घातक लड़ाकू विमानों की गर्जन लोगों को सुनाई देगी। शो करीब ढाई घंटे का हो सकता है। इसमें बड़ी संख्या में लोग भी भाग लेंगे। बड़ी भीड़ के लिए एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं है। इसे देखते हुए एयरफोर्स के अधिकारी एयरपोर्ट के अधिकारियों संग मंथन कर रहे हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट का विस्तारीकरण किया जा रहा है। निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। एयर शो में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे। ऐसे में अगर शो की पुष्टि होती है तो उतनी भीड़ के लिए एयरपोर्ट को तैयार कराना होगा या फिर कोई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था देखी जाएगी। प्रयागराज में एयर शो समय-समय पर भारतीय वायु सेना द्वारा किया जाता है। वायु सेना दिवस पर 8 अक्तूबर 2023 को प्रयागराज में परेड और एयर शो हुआ था। एयर डिस्प्ले संगम क्षेत्र के ऊपर हुआ और परेड बमरौली एयरफोर्स स्टेशन में हुई। इसमें राफेल, सुखोई, तेजस, हेलिकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान आदि ने प्रदर्शन किया था। इस साल माघ मेले के आखिरी दिन भी एयर शो का अयोजन किया गया था।







