KAUSHAMBI NEWS: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर में शनिवार को एक वर्षीय प्रारंभिक भाषा शिक्षण व एलुमिनाई कोर्स के समापन अवसर पर प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम टाटा ट्रस्ट एवं लैंग्वेज लर्निंग फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार कुशवाहा ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित करते हुए कहा कि प्रारंभिक स्तर पर भाषा शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होने से बच्चों की शैक्षिक नींव मजबूत होती है। ऐसे प्रशिक्षण शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से जोड़ते हैं, जिससे कक्षा-कक्ष में सकारात्मक बदलाव आता है। डायट प्राचार्य निधि शुक्ला ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षकों का निरंतर कौशल विकास आवश्यक है। मेंटर डॉ. दिलीप तिवारी के निर्देशन में यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में कुल 34 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें नेवादा से 5, कौशांबी से 7, चायल से 2, मूरतगंज से 3, कड़ा से 2, मंझनपुर से 1, सरसवा से 1 व सिराथू से 12 प्रतिभागी शामिल रहे। प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में मुख्य रूप से राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह, शिक्षक दीप नारायण मिश्रा, अनुराग मिश्रा, श्रेया द्विवेदी, सुमन कुशवाहा, व्योमेश मिश्रा, पूनम सिंह, शिवाली श्रीवास्तव, महवास फात्मा, अंजली सिंह, वंदना यादव, अंजली वर्मा सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद प्रतिभागियों ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं वीडियो सामग्री का उपयोग कर वे बच्चों को भाषा शिक्षण में पारंगत बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मेंटर मोहनलाल, रमेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।




