Home उत्तर प्रदेश 8 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) की बैठक, नायब तहसीलदार को...

8 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) की बैठक, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS:  भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) गुट ने किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी को 8 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो यूनियन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। तहसील परिसर में आयोजित बैठक में यूनियन के तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह ने कहा कि चौडगरा कस्बे की ग्लूकोज फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित जल को फिल्टर करने के बाद ही बाहर बहाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके। उन्होंने यह भी मांग की कि भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधकों व अधिकारियों को बुलाकर किसानों को सरकार की नई योजनाओं की जानकारी दी जाए। बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि जुनेजा एग्रो फार्म के कारण क्षेत्र में गंदी मक्खियों से फैल रही बीमारियों से निजात दिलाने के लिए दवा का छिड़काव कराया जाए और प्रभावित गांवों में कीटनाशक दवाओं का प्रयोग कराया जाए। संरक्षक रज्जन सिंह ने कहा कि ग्राम सभा भाऊपुर की सरकारी मुस्तकिल जमीन को खाली कराया जाए। वहीं हरदौलपुर अंडरपास की मांग पिछले तीन वर्षों से लंबित है, जिसे शीघ्र पूरा कराया जाए। प्रचार मंत्री सुखीराम ने कहा कि ग्राम पंचायत भाऊपुर में सन 1960 फसली के आधार पर क्षेत्र में वन क्षेत्र नहीं था, लेकिन सन 1982 में बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के कई जमीनों को वन विभाग में दर्ज कर दिया गया, जिसकी जांच कराकर जमीन को पुनः भाऊपुर गांव में दर्ज किया जाए। इसके साथ ही चौडगरा कस्बे में सफाई व्यवस्था सुधारने और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था कराने की मांग भी की गई। इस अवसर पर यूनियन के अंगद सिंह, प्रकाश पटेल, संतोष कुमार, कमलेश कुमार, रामकिशन, राकेश कुमार, शंभूनाथ शुक्ला, कल्लू मास्टर, बाबा रामाधार, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, रवि करण सिंह, कुंवरिया, छेद्दू, रामादेवी, राजकुमारी देवी, रामसखी देवी, रामरानी देवी, जय नारायण सिंह, स्वामी दीन, सुनीता देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।